Politics
1d ago हिंदी
भाजपा का साख का सवाल बना परिषद चुनाव:अवध क्षेत्र से जुड़े सरकार के मंत्रियों और विधायकों को सौंपी जीत की जिम्मेदारी
उत्तर प्रदेश में होने वाले आगामी विधानसभा चुनावों से ठीक पहले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के लिए विधान परिषद (एमएलसी) की शिक्षक और स्नातक सीटों का चुनाव अपनी साख बचाने की लड़ाई बन गया है। प्रदेश की 11 सीटों पर होने वाले इस चुनाव में जीत हासिल कर पार्टी आगे के लिए माहौल अपने पक्ष में बनाए रखना चाहती है। इसी रणनीति के तहत भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह ने शनिवार को लखनऊ में अवध क्षेत्र की दो प्रमुख सीटों की समीक्षा बैठक की। लखनऊ में विधायक नीरज बोरा के आवास पर हुई इस बैठक में योगी सरकार के मंत्री, अवध क्षेत्र के विधायक और एमएलसी शामिल हुए। बैठक में एमएलसी चुनाव जीतने का पूरा दारोमदार मंत्रियों और विधायकों के कंधों पर डाल दिया गया। किसे कहाँ से मिला टिकट? पन्ना प्रमुख से लेकर बैलेट पेपर तक की तैयारी 1. मंत्रियों और विधायकों को टास्क- संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह ने साफ लहजे में कहा कि यह चुनाव जीतना सरकार के मंत्रियों और विधायकों की व्यक्तिगत जिम्मेदारी है। वे तुरंत अपने-अपने क्षेत्रों में प्रचार के लिए निकलें और डॉक्टर, वकील, रिटायर्ड कर्मचारी, पूर्व सैनिक और शिक्षकों से सीधा संपर्क साधें। 2. सामान्य चुनाव की तरह लागू होगी 'पन्ना प्रमुख' व्यवस्था- प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि स्नातक और शिक्षक चुनावों में अक्सर मतदान कम होने का ट्रेंड रहता है। इसे बदलने के लिए सामान्य चुनावों की तरह ‘पन्ना प्रमुख’ व्यवस्था लागू की जाएगी। हर पन्ने के मतदाताओं को चिन्हित कर वोटिंग वाले दिन उन्हें बूथ तक लाया जाएगा। 3. नामांकन से एक दिन पहले तक बनवाएं वोटर- चौधरी ने कार्यकर्ताओं से अपील की कि जिनके पास भी भरे हुए फॉर्म रखे हैं, वे तुरंत जमा कराएं, क्योंकि नामांकन से ठीक एक दिन पहले तक फॉर्म जमा किए जा सकते हैं। 4. तकनीकी गलती से न रद्द हो वोट- बैठक में यह भी हिदायत दी गई कि जनसंपर्क के दौरान सरकार की योजनाओं के प्रचार के साथ-साथ मतदाताओं को बैलेट पेपर पर सही तरीके से मुहर/निशान लगाने की प्रक्रिया भी सिखाई जाए, ताकि तकनीकी खामी की वजह से कोई भी वोट रिजेक्ट न हो। बैठक में ये रहे मौजूद बैठक का संचालन क्षेत्रीय महामंत्री राजीव मिश्रा ने किया। इसमें प्रदेश महामंत्री दिलीप पटेल, चुनाव प्रभारी संजय राय, अवध क्षेत्र के अध्यक्ष अवधेश द्विवेदी, महामंत्री राहुल राज रस्तोगी और अवधेश कटियार समेत पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे।