Technology
1d ago
टीकमगढ़ में बिजली विभाग के कामकाज की समीक्षा:एमडी ने बकाया वसूली के लक्ष्य तय किए; खराब मीटर और ट्रांसफार्मर बदलने के निर्देश
मध्यप्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड, जबलपुर के प्रबंध निदेशक अजय गुप्ता ने गुरुवार को टीकमगढ़ में बिजली विभाग के कामकाज की समीक्षा की। बैठक में राजस्व वसूली, बिजली सप्लाई, चोरी रोकने, उपभोक्ता सेवाओं और विभागीय योजनाओं की प्रगति पर चर्चा हुई। उन्होंने अधिकारियों को बकाया वसूली का लक्ष्य पूरा करने और खराब मीटर व ट्रांसफार्मर प्राथमिकता से बदलने के निर्देश दिए। दिसंबर तक बकाया राशि कम करने का लक्ष्य राजस्व वसूली में तय प्रगति नहीं होने पर एमडी ने अधिकारियों से मार्च 2026 की लंबित बकाया राशि को दिसंबर 2026 तक निर्धारित लक्ष्य के अनुसार कम करने को कहा। इसके लिए श्रेणीवार बकायादारों की सूची बनाकर वसूली की योजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने बकायादारों के बैंक खाते सीज करने की प्रक्रिया तेज करने और डीआरए के तहत नियमों के मुताबिक कुर्की व जब्ती करने को भी कहा। खराब मीटर और ट्रांसफार्मर प्राथमिकता से बदलें अजय गुप्ता ने बंद और खराब मीटर प्राथमिकता से बदलने के निर्देश दिए। आंगनबाड़ी केंद्रों, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग और ग्राम पंचायतों के खराब मीटर भी बदले जाएंगे। खराब वितरण ट्रांसफार्मर तय समय में बदलकर बिजली सप्लाई जल्द शुरू करने को कहा। 15 दिन से ज्यादा समय से लंबित नए एलटी कनेक्शन के आवेदनों पर पात्रता के अनुसार फैसला करने और अपात्र आवेदनों को नियमों के मुताबिक रद्द करने के निर्देश दिए। अस्थायी बिजली कनेक्शनों की संख्या पिछले साल के मुकाबले तीन से चार गुना बढ़ाने को भी कहा। बिजली चोरी और लाइन लॉस पर जांच के निर्देश एमडी ने बिजली चोरी और लाइन लॉस रोकने के लिए सघन जांच अभियान चलाने को कहा। बिजली अधिनियम की धारा 138 के तहत मामलों की संख्या बढ़ाने और धारा 135 के मामलों को अदालत में पेश करने के निर्देश भी दिए। पूर्व विधायक ने एसई की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल एमडी के टीकमगढ़ आने की सूचना पर पूर्व विधायक राकेश गिरि और बिजली कर्मचारी महासंघ के प्रभारी मनोज अवस्थी व रीजनल अध्यक्ष पुष्पेंद्र यादव उनसे मिलने रेलवे स्टेशन पहुंचे। इस दौरान राकेश गिरि ने एसई अजमेर सिंह की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि एसई दूसरों के कहने पर काम करते हैं। गिरि ने कहा कि अजमेर सिंह रात 8 बजे के बाद मिलने की स्थिति में नहीं रहते। उन्होंने यह भी दावा किया कि पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने एसई को फोन किया था, लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाया।