General
1d ago
रिश्वत लेते VIDEO वायरल, SI नेहा सिन्हा सस्पेंड:वैशाली SP ने महुआ SDPO से कराई थी जांच; पुलिस लाइन भेजा, विभागीय कार्रवाई शुरू
वैशाली के कटहरा थाने में तैनात एसआई नेहा सिन्हा को रिश्वत लेने के आरोप से जुड़े वायरल वीडियो के बाद निलंबित कर दिया गया है। एसपी शुभांक मिश्रा ने महुआ एसडीपीओ से मामले की जांच कराई थी। पुलिस के अनुसार, जांच में मिले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर नेहा सिन्हा की भूमिका संदिग्ध पाई गई। उन्हें पुलिस लाइन भेज दिया गया है और विभागीय कार्रवाई शुरू की गई है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में नेहा सिन्हा एक व्यक्ति से दो हजार रुपये लेती दिख रही हैं। यह वीडियो कटहरा थाने के पास बने चौकीदार शेड का बताया गया है। देखें, मौके से आई तस्वीरें… अपहरण केस में पैसे मांगने का आरोप मामला कटहरा थाना क्षेत्र के किशुनपुर तेलौर गांव का है। गांव के बच्चे राय ने आरोप लगाया था कि 16 जुलाई 2026 को उनकी 17 वर्षीय बेटी का अपहरण हुआ था। उन्होंने 17 जुलाई को कटहरा थाने में सात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी। केस नंबर 9/26 की जांच एसआई नेहा सिन्हा को सौंपी गई थी। बच्चे राय का आरोप था कि बेटी को खोजने और आरोपियों को गिरफ्तार करने के नाम पर महिला दारोगा ने उनसे एक लाख रुपये मांगे। उन्होंने दावा किया था कि अलग-अलग किस्तों में अब तक करीब 90 हजार रुपये दिए हैं। उनके मुताबिक, उन्होंने 50 हजार, 10 हजार, तीन हजार और दो हजार रुपये सहित कई बार रकम दी थी। वायरल वीडियो में दिख रहे दो हजार रुपये को भी उन्होंने इसी मामले से जोड़ा था। एसआई ने आरोपों को बताया था ब्लैकमेलिंग नेहा सिन्हा ने अपने ऊपर लगे आरोपों को खारिज करते हुए इसे ब्लैकमेलिंग का मामला बताया था। उनका कहना था कि पीड़ित परिवार की ओर से करीब दो महीने पहले बनाए गए वीडियो को दिखाकर उन पर निर्दोष लोगों को अपहरण कांड में फंसाने का दबाव बनाया जा रहा था। उन्होंने दावा किया था कि मामले के आरोपियों के खिलाफ इश्तहार का तामिला कराया जा चुका है। आत्मसमर्पण नहीं करने पर कुर्की-जब्ती की कार्रवाई की जाएगी। जांच के बाद निलंबन और विभागीय कार्रवाई वायरल वीडियो का मामला संज्ञान में आने के बाद एसपी शुभांक मिश्रा ने महुआ एसडीपीओ से जांच कराई। पुलिस के अनुसार, जांच में मिले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर संबंधित पदाधिकारी की भूमिका संदिग्ध पाई गई। इसके बाद उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर पुलिस लाइन भेज दिया गया है। विभागीय कार्रवाई भी शुरू की गई है। पुलिस प्रशासन ने कहा है कि विभाग में अनुशासन, पारदर्शिता और जवाबदेही सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी पुलिस पदाधिकारी या कर्मी के भ्रष्ट आचरण, अनियमितता या कदाचार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मामले में आगे की कार्रवाई विभागीय जांच के निष्कर्षों पर निर्भर करेगी।