बागपत में साइबर अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने और ऑनलाइन ठगी के पीड़ितों को जल्द राहत दिलाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक पूर्णेन्दु सिंह ने पुलिस लाइन स्थित सभागार में साइबर अपराध एवं पोर्टल सुरक्षा को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की। बैठक में जनपद के सभी थानों के साइबर हेल्प डेस्क प्रभारी, साइबर सेल और थाना साइबर क्राइम के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक ने साइबर अपराधों से संबंधित शिकायतों के निस्तारण और विभिन्न पोर्टल की कार्यप्रणाली की विस्तार से समीक्षा की। इसमें NCRP 2026, MRM पोर्टल, GRM पोर्टल, CIAR पोर्टल, मोबाइल IMEI ब्लॉकिंग, लियन यानी धनराशि को होल्ड कराने और प्रतिबिंब पोर्टल की उपयोगिता एवं प्रभावी क्रियान्वयन पर चर्चा की गई। पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि साइबर अपराध से संबंधित शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उन पर तत्काल कार्रवाई की जाए। ऑनलाइन ठगी का शिकार हुए पीड़ितों की धनराशि वापस दिलाने के लिए प्रभावी प्रयास किए जाएं। इसके साथ ही संदिग्ध मोबाइल नंबरों और मोबाइल के IMEI नंबरों के संबंध में नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि साइबर अपराध के मामलों में समय पर कार्रवाई बेहद महत्वपूर्ण है। इसलिए पोर्टल पर प्राप्त होने वाली प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए। संबंधित अधिकारी आपसी समन्वय बनाकर काम करें, जिससे पीड़ितों को जल्द से जल्द राहत मिल सके। बैठक में पुलिस अधीक्षक ने साइबर हेल्प डेस्क और साइबर सेल के कर्मचारियों को अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करने के निर्देश दिए। साथ ही साइबर अपराधों की रोकथाम और पीड़ितों की सहायता के लिए तकनीकी संसाधनों का प्रभावी उपयोग करने पर जोर दिया। पुलिस का उद्देश्य साइबर अपराधों पर नियंत्रण के साथ आमजन को सुरक्षित डिजिटल वातावरण उपलब्ध कराना है।
This is a summary. For the full story, refer to the original source. Public of India presents verified citizen-relevant reporting.