रायसेन दशहरे मैदान स्थित कृषि उपज मंडी में धान की आवक लगातार बढ़ती जा रही है। शुक्रवार को करीब 1,000 ट्रैक्टर-ट्रालियों से किसान अपनी फसल लेकर पहुंचे और मंडी में 17 से 18 हजार क्विंटल धान आया। ज्यादा आवक के चलते दशहरे मैदान के रास्तों पर जाम लग रहा है। इससे स्कूल-कॉलेज, जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय और हाउसिंग बोर्ड आने-जाने वाले लोगों को दिक्कतें हो रही हैं। शुक्रवार को मंडी के अंदर भी ट्रैक्टर-ट्रालियां फंसी दिखी। धान की आवक तेज होने से दशहरे मैदान में जगह कम पड़ने लगी है। देर से पहुंचने वाले किसान अपनी ट्रैक्टर-ट्रालियां मुख्य सड़क पर खड़ी कर रहे हैं, जिससे आवाजाही पर असर पड़ रहा है। शाम को फसल बेचकर लौटते किसानों के वाहनों के कारण भी शहर में जाम के हालात बन रहे हैं। मंडी प्रशासन ने दशहरे मैदान में ट्रैक्टर-ट्रालियों की पार्किंग के लिए लाइन तय की है, लेकिन कई किसान तय लाइन में गाड़ी खड़ी नहीं कर रहे। इससे मंडी परिसर में आने-जाने में दिक्कत आ रही है और जाम लग रहा है। जगह की कमी के चलते वाहन मुख्य सड़क पर भी खड़े होने लगे हैं। अच्छे भाव मिलने से दूर-दूर से आ रहे किसान दूरदराज के इलाकों के साथ ही अब रायसेन जिला मुख्यालय के आसपास के गांवों से भी धान की आवक शुरू हो गई है। किसानों के मुताबिक, इस साल मंडी में धान के अच्छे दाम मिल रहे हैं। पूसा बासमती धान 5,200 रुपए प्रति क्विंटल से भी ज्यादा भाव में बिक रही है और बाकी किस्मों के भी ठीक दाम मिल रहे हैं। बेहतर कीमत मिलने के कारण दूर-दूर से किसान अपनी उपज लेकर मंडी पहुंच रहे हैं। दो दिन बंद रहेगी मंडी शनिवार और रविवार को मंडी में दो दिन की छुट्टी रहेगी। लगातार बढ़ रही आवक और जगह की कमी को देखते हुए मंडी प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि वे शनिवार और रविवार को धान लेकर मंडी न आएं। सोमवार से मंडी में फिर से धान की नीलामी शुरू होगी।
This is a summary. For the full story, refer to the original source. Public of India presents verified citizen-relevant reporting.